कौशांबी में बमबाजी और फायरिंग की गंभीर घटना में वांछित आरोपी आलीशान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी रुपयों के लेनदेन के विवाद में एक ट्रक चालक पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया था। यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी नगर पालिका परिषद के खलीलाबाद मोहल्ले में हुई। पेशे से ट्रक चालक मोहम्मद अरशद पर पहले बम से हमला किया गया, इसके बाद तमंचे से फायरिंग की गई। पीड़ित अरशद ने बताया कि आरोपी आलीशान उसका ममेरा भाई है, जो संदीपनघाट थाना क्षेत्र के गनसरी गांव का निवासी है। दोनों के बीच लंबे समय से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि आलीशान पहले भी कई बार उसे जान से मारने की धमकी दे चुका था। अरशद के अनुसार, गुरुवार शाम वह भरवारी बाजार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा, तभी आलीशान ने उस पर बम फेंककर हमला कर दिया। बम दीवार से टकराकर फट गया। अरशद किसी तरह बच गया, तो आरोपी ने उस पर तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी। धमाके और फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर कोखराज थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले ही दो टीमें गठित की थीं। अब इनाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस की टीमें तेजी से दबिश दे रही हैं और आरोपी की तलाश जारी है।