कौशांबी में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:मजदूरी कर लौटा था युवक, फंदे से लटकता शव मिला

कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पुनवार गांव में गुरुवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान रामराज के पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता था। गुरुवार शाम करीब 7 बजे वह मजदूरी कर घर लौटा था। खाना खाने के बाद उमेश ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उसे तोड़ा। अंदर उमेश का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। पड़ोसियों के अनुसार, उमेश शराब पीने का आदी था। पश्चिम शरीरा थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।