कौशांबी जिले के सराय अकील थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सर्राफा व्यापारी से लाखों की लूट हो गई। बोलेरो कार सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित व्यापारी के अनुसार, लगभग 4 किलो चांदी और 23 ग्राम सोने की ज्वैलरी लूटी गई है। सराय अकील कस्बे के अंशु सोनी, जो शिव मूरत सोनी के पुत्र हैं, इसीपुर गांव में अपनी ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह बुधवार को शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान बंद कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही अंशु सोनी सरिया पुल के पास पहुंचे, एक बोलेरो कार में सवार 5 से 6 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उनके कंधे पर टंगा हुआ ज्वैलरी का बैग छीन लिया। इसके बाद, तमंचा लहराते हुए वे मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। रात 10 बजे तक एसओजी टीम, क्षेत्राधिकार चायल सहित दो थानों की पुलिस बल जांच में जुटा रहा। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। इस घटना से स्थानीय सर्राफा कारोबारियों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।