खड़े ट्रक में घुसी 108 एम्बुलेंस, पति-पत्नी की मौत:झांसी में CHC से रेफर महिला को मेडिकल कॉलेज ला रही थी, झपकी आने से हादसा

झांसी में तेज रफ्तार 108 एम्बुलेंस हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में घुस गई। इसमें पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि ईएमटी घायल है। पत्नी को बुखार और पेट में दर्द था। पति उसको सीएचसी ले गया। वहां से रेफर होने पर 108 एम्बुलेंस दंपती को झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर आ रही थी। हादसे के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि संभवता ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है। घायल को मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। हादसा बड़ागांव थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाइवे पर शुक्रवार-शनिवार की रात लगभग 1:30 बजे हुआ है। दर्द से तड़प रही थी महिला मृतकों की पहचान तीरथ पाल (65) पुत्र हरकिशुन पाल और उसकी पत्नी गिरजा देवी (60) के रूप में हुई है। दंपती टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के तुरका लहचूरा गांव के रहने वाले थे। मृतकों के पोते मूलचंद ने बताया- मेरी दादी गिरजा देवी को कुछ दिनों से बुखार था। शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे उनके पेट में तेज दर्ज होने लगा। वो दर्द से तड़पने लगी। आनन फानन में उनको गुरसराय सीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गिरजा को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। 108 एम्बुलेंस से गिरजा को झांसी ला रहे थे। गिरजा को ऑक्सीजन लगी थी। साथ में उनके पति तीरथ बैठे थे। देर रात 1:30 बजे एम्बुलेंस बड़ागांव के पास पहुंची तो हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। पति-पत्नी की मौत हो गई हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों की मदद से घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर गिरजा देवी और उनके पति तीरथ पाल को मृत घोषित कर दिया गया। एम्बुलेंस का ईएमटी जगरूप घायल है। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। तब परिजन शनिवार सुबह झांसी पहुंच गए। अब पुलिस पंचनामा भरकर दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा रही है। बेटा बोला- पिता ने मुझे एम्बुलेंस से उतार लिया मृतक के बेटे दशरथ ने बताया कि मां गिरजा देवी की तबीयत खराब थी। ऐसे में उनको सीएचसी ले गए। वहां से मां को झांसी रेफर कर दिया। मां के साथ मैं एम्बुलेंस में बैठ गया था। तब पिता ने मुझे एम्बुलेंस से उतार दिया और बोले कि तुम घर चले जाओ। मैं इलाज कराकर सुबह लौट आउंगा। अगर पिता मुझे एम्बुलेंस से न उतारते तो मैं भी एम्बुलेंस में बैठा होता। 3 साल पहले बेटे की मौत हुई थी तीरथ पाल और उनकी पत्नी गिरजा की मौत होने से घर में कोहराम मच गया। 3 साल पहले तीरथ के बेटे भज्जू की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। अब उसके 3 बेटे कमलेश, गोटीराम और दशरथ है। तीनों की शादी हो चुकी है। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि 108 एम्बुलेंस हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से टकराई गई। हादसे में गिरजा और उनके पति की मौत हो गई। संभावना है कि रात होने की वजह से एम्बुलेंस ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है। अभी ड्राइवर फरार है। उसकी तलाश की जा रही थी।