गन्ने से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भिड़ंत, किसान की मौत:बुलंदशहर में जाडौल चौकी से 50 मीटर दूर हुआ हादसा, एक घायल; चालक फरार

बुलंदशहर के खानपुर थाना क्षेत्र में जाडौल चौकी से करीब 50 मीटर दूर रात साढ़े 8 बजे गन्ने से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 65 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। खेत में पलटीं दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जानकारी के अनुसार दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गन्ना लेकर जा रही थीं। जाडौल चौकी के पास अचानक दोनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गन्ने से लदी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गईं। हादसे में जड़ौली निवासी रघुनाथ सिंह चौधरी (65) ट्रैक्टर के नीचे दब गए। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, शेखपुरा निवासी सुंदर ठाकुर को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हाइड्रा और जेसीबी से निकाला गया शव सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन और जेसीबी की मदद ली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात ट्रैक्टर चालक का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।