गर्लफ्रेंड की सगाई से आहत युवक ने किया सुसाइड:वीडियो कॉल पर फंदे से लटका, मां ने दरवाजा खोलते ही बेटे को देखा

कानपुर में गर्लफ्रेंड की सगाई होने से आहत एक युवक ने सुसाइड कर लिया। जब युवक की मां काम से घर लौटीं तो उन्होंने कमरे में बेटे को पंखे से लटका देखा। यह देखते ही उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मां और परिजनों ने युवक को फंदे से उतारकर तुरंत हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक ने फांसी लगाने से पहले गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल किया था। इसके बाद उसने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। यह घटना किदवई नगर थानाक्षेत्र की है। प्राइवेट कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा था युवक
युवक की पहचान गोडसन विलियम के रूप में हुई है। वह जूही सफेद कालोनी का रहने वाला था और किसी प्राइवेट कॉलेज से बीए कर रहा था। परिवार में उसकी मां सुनीता घरों में खाना बनाने का काम करती हैं, जबकि उसकी दो बहनें एलिस और सेलविना पहले ही शादीशुदा हैं। चचेरे भाई अंकित ने बताया- गोडसन का बाबूपुरवा के बगाही में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी। इसको लेकर परिवार के लोगों ने उसे युवती से दूर रहने की सलाह दी थी। इसी बात को लेकर घर में कई बार झगड़ा भी हुआ। कुछ दिन पहले ही युवती की सगाई हो गई थी, जिससे वह काफी परेशान रहने लगा था। रविवार शाम जब उसकी मां काम पर गई हुई थीं, उसी दौरान उसने प्रेमिका को वीडियो कॉल किया और उसके सामने ही चुन्नी का फंदा गले में डालकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब मां घर लौटीं तो उन्होंने दरवाजा धक्का देकर खोला। अंदर बेटे को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। इसके बाद वह बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किदवई नगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया- शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।