ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में चाइनीज कंपनी का रोबोट डॉग प्रदर्शित करने के चलते विवादों में है। सोशल मीडिया पर मामला ट्रैंड होने के साथ अब कई और वीडियो भी सामने आने के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने एक प्रेस रीलीज जारी करते हुए माफी मांगी है। यूनिवर्सिटी ने पूरे मामले से पल्ला झाड़ते हुए अपने प्रतिनिधि पर सारा ठीकरा फोड़ दिया है। यूनिवर्सिटी ने पारदर्शिता के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए इस घटना के लिए माफी भी मांगी है। साथ ही कहा कि आयोजकों की भावनाओं का आदर करते हुए हमने भारत मंडपम में मिला स्थान भी खाली कर दिया है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. एनके गौर ने बुधवार को एक बयान में कहा कि एक संस्थान के तौर पर गलत दावा करना हमारी कोई मंशा नहीं थी। हम पूरी तरह से शैक्षणिक पारदर्शिता और जिम्मेदारी से अपने काम का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की एक प्रतिनिधि ने पवेलियन में गलत जानकारी थी। उसे प्रोडक्ट के तकनीकी उद्भव की जानकारी नहीं थी। अति उत्साह में उसने कैमरे के समक्ष इस तरह के दावे कर दिए जो की तथ्यात्मक रूप से गलत थे। वे मीडिया से बातचीत करने के लिए विश्विद्यालय की ओर से अधिकृत नहीं थीं।