सीएम योगी आदित्यनाथ आज रविवार को गाजियाबाद पहुंचे। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष संतेंद्र सिसोदिया के बेटे वर्तुल की वेदांता फार्म हाउस में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। मुख्यमंत्री ने वर और वधु को पहुंचकर आशीर्वाद दिया। सीएम योगी हिंडन से गाजियाबाद कार्यक्रम स्थल पहुंचे और लगभग 20 मिनट रुकने के बाद पुनः हिंडन के लिए रवाना हो गए। उनके निजी कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा कड़ी की गई थी। भाजपा नेता संतेंद्र सिसोदिया पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं। उनके बेटे वर्तुल की शादी हापुड़ के निवर्तमान जिलाध्यक्ष नरेश तोमर की बेटी जाहृवी से हुई। भाजपा ने 26 नवंबर को हापुड़ के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर को पद से हटा दिया था और उनकी जगह महिला को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। शादी समारोह में भाजपा सांसद अतुल गर्ग, मंत्री, विधायक और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए। शादी की तैयारियों और सीएम की मौजूदगी को लेकर गाजियाबाद में पिछले दो दिनों से चर्चा रही थी।