गाजियाबाद पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह .APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल फोन हैक करता था और उनके बैंक खातों से करोड़ों रुपये उड़ाता था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों पिंटू कुमार, आदर्श कुमार और प्रशांत दीप को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब मोदीनगर निवासी डॉ. श्रवण कुमार शर्मा के साथ ठगी हुई। उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए ‘RTO E-Challan’ नाम की एक .APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका फोन हैक हो गया और 10 फरवरी से 19 फरवरी 2026 के बीच उनके बैंक खातों से रुपये निकाल लिए गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह झारखंड और बिहार से संचालित होता था। गिरफ्तार आरोपियों पिंटू कुमार, आदर्श कुमार और प्रशांत दीप ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने फोन हैक करने की ट्रेनिंग अपने एक साथी से ली थी। वे गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध कुछ ऐप्स का उपयोग कर लोगों के मोबाइल नंबर हासिल करते थे।