गाजियाबाद में नाले में डूबकर व्यापारी की मौत:स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरी, घर से कूड़ा फेंकने गए थे

गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र में 4 फीट गहरे नाले में गिरने से एक किराना व्यापारी की मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। व्यापारी को अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि व्यापारी की स्कूटी को किसी वाहन ने टक्कर नहीं मारी, बल्कि स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरने से हादसा हुआ। घटना रविवार आधी रात की है। रात 11 बजकर 54 मिनट पर पीआरवी को सूचना मिली कि सिहानीगेट थाना क्षेत्र के पटेलनगर स्थित रॉयल ग्रीन होटल के सामने एक व्यक्ति स्कूटी समेत नाले में गिर गया है। राहगीरों ने उसे एमएमजी अस्पताल भिजवाया। सूचना पर सिहानीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल जाकर जानकारी जुटाई। स्कूटी पर बाल्टी रखकर ले जाते समय हादसा स्कूटी नंबर के आधार पर मृतक की पहचान शंकर लाल गर्ग (48), पुत्र जितेंद्र कुमार, निवासी पक्की मोरी, डासना गेट, थाना कोतवाली के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई योगेश गर्ग ने बताया कि शंकरलाल की किराना की दुकान है। वह रात में दुकान बंद कर कूड़ा फेंकने जाते थे और इसके बाद केशरी माता मंदिर में पूजा कर घर लौटते थे। CCTV में टक्कर के संकेत नहीं
पुलिस और नगर निगम की टीम ने आसपास के स्थानों पर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। स्कूटी की जांच में किसी वाहन से टक्कर के स्पष्ट निशान नहीं मिले। पास के होटल के सीसीटीवी में भी किसी वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया स्कूटी पर रखी प्लास्टिक की बाल्टी के कारण संतुलन बिगड़ा और वह नाले में गिर गए।

भाई बोला-नाला बंद होता तो बच जाती जान
योगेश गर्ग ने कहा कि यदि नाला ढका होता तो उनके भाई की जान बच सकती थी। यह भी सामने आया कि स्कूटी पहले पेड़ से टकराई और फिर नाले में जा गिरी। नाला पक्का है और इसकी गहराई करीब 4 फीट बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि नाले की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। व्यापारी की मौत के बाद उनकी पत्नी रश्मि का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की कोई संतान नहीं है।