गाजियाबाद में 1000 किलो रंगीन कचरी जब्त:जिलाधिकारी के निर्देश पर छापा, 10 खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए

गाजियाबाद में जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग होली के मद्देनजर विशेष जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में विभाग ने 25 फरवरी 2026 को किराना मंडी, रामनगर में छापा मारकर लगभग 1000 किलोग्राम रंगीन कचरी जब्त की। सहायक आयुक्त (खाद्य) आशुतोष राय के नेतृत्व में सचल टीम ने मेसर्स बंसल ट्रेडर और मेसर्स गर्ग ब्रदर्स के गोदामों की जांच की। जांच के दौरान यह रंगीन कचरी बरामद हुई, जिस पर मिलावट या असुरक्षित होने का संदेह था।
जब्त की गई रंगीन कचरी के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित फर्मों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस अभियान के तहत जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी जांच की गई। टीमों ने सरसों का तेल (पंसारी ब्रांड), नमकीन, रसगुल्ले, गुझिया, बेसन और गुलाब जामुन सहित कुल 10 विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं। इन सभी नमूनों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि होली के त्योहार तक यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोका जा सके।