गाड़ी हटाने के विवाद में युवक पर चाकू से हमला:सड़क पर गिरा, हालत गंभीर; जिला अस्पताल रेफर

हमीरपुर के मौदहा कस्बे में बुधवार देर शाम गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में बाइक सवार युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मौदहा कस्बे के मराठीपुरा मोहल्ले की है। दुर्गापुरी मोहल्ला निवासी प्रशांत कुशवाहा ने अपनी चार पहिया गाड़ी मराठीपुरा स्थित मामा दूध डेयरी के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान बाइक से आए कुछ युवकों ने उससे गाड़ी हटाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने प्रशांत कुशवाहा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने घायल से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।