गाली-गलौज का विरोध करने पर हमला:शाहजहांपुर में दबंगों ने की वारदात, घायल मेडिकल कराने गया तो फिर की फायरिंग

शाहजहांपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घायल व्यक्ति जब शिकायत दर्ज कराने थाने गया, तो आरोप है कि दबंगों ने दहशत फैलाने के इरादे से उसके घर पर कई राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के बड़ागांव में गुरुवार शाम को हुई। बड़ागांव निवासी सुशील अपने घर के दरवाजे पर खड़े थे, तभी गांव का एक व्यक्ति आया और उनसे गाली-गलौज करने लगा। जब सुशील ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान सुशील घायल हो गए। उन्हें बचाने आए उनके बेटे को भी पीटा गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सुशील जब थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, उसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ फिर से पीड़ित के मकान पर आया और कई राउंड फायरिंग की। इससे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया, तो एक आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना दोबारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है। सीओ पुवायां ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की विवेचना की जा रही है।