देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के कपुरीपार गांव में रविवार सुबह एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला गीजर का प्लग लगाते समय बिजली की चपेट में आ गई थीं। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मालती देवी (45), पत्नी अमर नाथ तिवारी के रूप में हुई है, जो सोनबरसा गांव की निवासी थीं। अमर नाथ तिवारी कपुरी ग्राम पंचायत में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं और अपनी पत्नी के साथ कपुरीपार में नवासा पर रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मालती देवी पानी गर्म करने के लिए गीजर का प्लग लगा रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक तेज करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़ीं। शोर सुनकर उनके पति और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन आनन-फानन में मालती देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और फिर परिजनों को सौंप दिया। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। पति अमर नाथ तिवारी सहित परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटनावश करंट लगने का प्रतीत होता है। पंचनामा रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।