गुरुग्राम के पॉश इलाके में 5 बच्चों से हैवानियत:सरिया चोर बताकर पीटा, बंधक बनाकर प्राइवेट पार्ट पर पेट्रोल छिड़का, गर्म चम्मच से दागा

गुरुग्राम के पॉश इलाके में पांच नाबालिग बच्चों के साथ हैवानियत की गई। 6 युवकों ने बच्चों पर कंस्ट्रक्शन साइट से सरिया चोरी का आरोप लगाकर इन्हें एक पीजी के कमरे में बंधक बना लिया। फिर शराब पीकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने गर्म चम्मच कर इनके शरीर को भी दाग दिया। इसके बाद प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालकर भी तड़पाया। अगले दिन जब दो बच्चों की मां तलाश करते हुए पीजी में पहुंची तो उसे भी बंधक बना लिया और धमकी देते हुए मारपीट की। आरोपियों ने मां और बच्चों को करीब 5 घंटों तक ऐसे ही तड़पाया। मां ने जब बार-बार हाथ पैर जोड़े तो आरोपियों ने उन्हें छोड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर एक्शन लिया। 6 आरोपियों में से 2 को गिरफ्तार कर लिया है।
अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… एक आरोपी यूपी का रहने वाला
आरोपियों की पहचान हरेन्द्र (35) निवासी गुरुग्राम और फिरोज (26) निवासी उत्तर-प्रदेश के रूप में हुई है। फिरोज की बर्तनों की दुकान है। जबकि दूसरा आरोपी हरेन्द्र आटा चक्की चलाता है। हरेंद्र मकान किराए पर देने का भी काम करता है। इनके एक अन्य साथी का पीजी है। इस पीजी के पास ही एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। अन्य चार आरोपियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी मिलने पर थाना नाथूपुर डीएलएफ फेज-3 पुलिस ने संबंधित धाराओं में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।