गोंडा पहुंचे बिहार के बीजेपी एमएलसी संतोष सिंह:कहा- ममता बनर्जी का दिमाग खराब हो गया, रेखा आर्य के पति को माफी मांगनी चाहिए

बिहार सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा एमएलसी संतोष कुमार सिंह गोंडा पहुंचे। उन्होंने देर रात करीब 9 बजे नंदिनी निकेतन में नंदिनी गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी मुलाकात कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके पुत्र सांसद करण भूषण सिंह से भी हुई। मीडिया से बातचीत में संतोष कुमार सिंह ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह भले ही किसी का व्यक्तिगत विचार हो, लेकिन किसी भी नेता या व्यक्ति को महिलाओं के प्रति इस तरह की ओछी और आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला किसी की बहन या बेटी होती है। भारत नारी शक्ति की पूजा करने वाला देश है और हम शक्ति के उपासक हैं। जब पूरा देश नारी सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब इस तरह की टिप्पणियों का कोई नैतिक आधार नहीं है। उन्होंने गिरधारी लाल साहू से बयान वापस लेने और महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। बिहार में अपराध पर जीरो टॉलरेंस, अपराधी 24 घंटे में जेल में बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में संगठित अपराध करने की किसी की हिम्मत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि व्यक्तिगत विवादों में होने वाले अपराधों में भी आरोपी 12 से 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में “लंगड़ा ऑपरेशन” चल रहा है और अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा, “गोली से बचो, गोली मारने से बचो, नहीं तो गोली मारोगे तो गोली खाओगे। बिहार में घटना करके कोई बच नहीं सकता।” यूपी के योगी मॉडल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह किसी विशेष मॉडल की बात नहीं कर रहे हैं। यह सुशासन और जीरो टॉलरेंस की नीति है। अपराध चाहे कहीं भी हो, अपराधी को सजा तय है। ममता बनर्जी तुष्टीकरण की राजनीति कर रही हैं: ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए संतोष कुमार सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। वे केवल तुष्टीकरण की राजनीति कर रही हैं। देश अब जाग चुका है और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाला कोई भी व्यक्ति देश की सत्ता पर बैठने का अधिकारी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वही व्यक्ति इस देश और राज्यों में राज करेगा, जो इस मिट्टी में पला-बढ़ा हो, इसकी संस्कृति और संस्कारों को अपनाता हो। पश्चिम बंगाल में ममता का समय खत्म, चुनाव में जनता देगी जवाब संतोष कुमार सिंह ने दावा किया कि अप्रैल में होने वाले पश्चिम बंगाल के चुनाव में सनातन संस्कृति के साथ खड़ा नेतृत्व ही सत्ता में आएगा। उन्होंने ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल के लिए “हिटलर” करार देते हुए कहा कि उन्हें न विकास से मतलब है, न सड़क से—उन्हें सिर्फ घुसपैठियों से मतलब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के रहते घुसपैठ का सपना कभी पूरा नहीं होगा। ममता बनर्जी को समय के साथ अपनी राजनीति बदलनी चाहिए, नहीं तो चुनावी परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। राबड़ी देवी के जन्मदिन पर यादव परिवार की तस्वीर निजी मामला पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के जन्मदिन पर तेज प्रताप यादव द्वारा केक काटे जाने और परिवार की एकजुटता को लेकर पूछे गए सवाल पर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह उनका निजी पारिवारिक मामला है। लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव या तेज प्रताप यादव पर टिप्पणी करना अब हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव परिणामों से साफ है कि वे बिहार की राजनीति में अब प्रासंगिक नहीं रह गए हैं। बिहार में अब कोई “खेला-वेला” नहीं होने वाला। परिवारवाद नहीं, विकास की राजनीति पर विश्वास संतोष कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा परिवारवाद में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिहार में चरवाहा विद्यालय खुलते थे, लेकिन आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में ‘जननायक कर्पूरी ठाकुर स्किल यूनिवर्सिटी’ जैसी संस्थाएं खुल रही हैं। उन्होंने कहा कि अब बिहार के बच्चे रोजगार के लिए बाहर नहीं जा रहे, बल्कि यहीं सक्षम बन रहे हैं। हमारी सरकार वोट खरीदकर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से बनी है।