गोंडा में रेलवे अफसर की सड़क हादसे में मौत:मंडल वाणिज्य अधीक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, स्टेशन से लौट रहे थे

गोंडा जिले में एक सड़क दुर्घटना में रेलवे के मंडल वाणिज्य अधीक्षक अरविंद कुमार की मृत्यु हो गई है। यह हादसा मोतीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-मनकापुर मार्ग पर स्थित बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड मिल के पास मंगलवार शाम को हुआ है। उनकी स्कूटी को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी थी इसके बाद वह ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर मोतीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, अरविंद कुमार मंगलवार सुबह रेलवे के काम से मनकापुर रेलवे स्टेशन गए थे। काम खत्म कर शाम को वापस लौटते समय उनकी स्कूटी बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड मिल के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया इसके बाद उन्हें रेलवे चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अरविंद कुमार गोंडा रेलवे स्टेशन पर मंडल वाणिज्य अधीक्षक के पद पर तैनात थे। वह मूल रूप से बिहार के गया जिले के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्रियां हैं। मोतीगंज थानाध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।