हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में पुलिस और गोकशी के आरोपित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पिपलैड़ा जंगल में हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह घटना सोमवार देर रात पिपलैड़ा जंगल में पुलिस चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। क्रॉस फायरिंग में बदमाश फिरोज पुत्र साबिर अली घायल हो गया। उसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। फिरोज गाजियाबाद के नेकपुर और हापुड़ के पिपलैड़ा का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान फिरोज का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार साथी की तलाश में जंगल क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश फिरोज धौलाना थाने में दर्ज मु0अ0सं0 324/25 और मु0अ0सं0 334/25, धारा 3/5/8 गौवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों में वांछित चल रहा था। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।