गोकुलधाम कालोनी में चोरों ने बंद मकान खंगाला:नकदी-जेवरात समेत करीब छह लाख का माल समेटकर ले गए चोर, मुकदमा दर्ज

सर्दी के साथ ही चोरी की वारदात भी बढ़ने लगी हैं। मेरठ के गंगानगर इलाके में चोरों ने एक बंद मकान खंगालकर वहां से नकदी व जेवरात समेत करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। गृहस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक नजर पूरी वारदात पर
अम्हेड़ा रोड पर गोकुलधाम कालोनी है। यहां रीनू अपने दो बच्चों के साथ रह रही हैं। पति की छह माह पहले मृत्यु हो चुकी है। मकान के प्रथम तल पर एक किराएदार भी है। 22 नवंबर को रेनू के मोहनपुरी निवासी भाई की ससुराल में शादी थी। वह अपने दोनों बच्चों को लेकर 21 नवंबर को मां के घर आ गई। रविवार सुबह रेनू के पास फोन आया। फोन पर बताया गया कि उसके मकान में चोरी हो गई है। रेनू तुरन्त अपने घर आ गई और पुलिस को भी बुला लिया। किराएदार युवती पर गहराया शक
चोरी को लेकर पहले किराए पर रहने वाली युवती पर शक गहराया। रेनू ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी मां के घर आ रही थी तो किराए पर रहने वाली युवती ने उनसे ताला मांगा था। उन्होंने ताला दिया और साथ ही चाबी का गुच्छा भी दे दिया, जिसमें घर की सारी चाबियां थीं। पुलिस ने किराएदार से पूछताछ की तो पता चला कि चोर उसके कमरे से भी 15 हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं। करीब छह लाख का सामान चोरी
रेनू ने पुलिस को बताया कि घर से करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। अलमारी में रखे सोने व चांदी के कुछ जेवरातों के अलावा 60 हजार रुपये, टीवी, इंन्वर्टर बैट्री समेत काफी सामान चोरी हुआ है। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों की तलाश में जुटी है।