लखनऊ में गोबर फेंकने के विवाद में 22 साल के डेयरी संचालक की हत्या कर दी गई। पड़ोसी पहले उसकी मां को मार रहे थे। जब उसने शोरगुल सुना तो बाहर निकला। मां को बचाने गया तो पड़ोसियों ने उसकी मां छोड़ दिया लेकिन उसे खींच ले गए। आरोप है कि पड़ोसी फारुख ने अपने परिवार के 7-8 लोगों के साथ मिलकर उसे बेलचे और लाठी-डंडे से पीटा। पड़ोसी तब तक घसीट-घसीटकर मारते रहे जब तक कि वह अचेत नहीं हो गया। बाद में उसे मरा समझकर पड़ोसी फरार हो गए। पूरी घटना गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिलनगर की है। मृतक की पहचान मोहम्मद शबान के बेटे दानिश (22) के रूप में हुई। घर के दूसरे सदस्य जब वहां पहुंचे तो पड़ोसी भाग चुके थे और दानिश घायल बेहोश पड़ा था। अस्पताल ले जाते वक्त उसने दम तोड़ दिया। 3 तस्वीरें देखिए… अकेले ले जाकर सबने मिलकर मारा मृतक की बहन जाफरीन ने बताया कि सबने भाई को अकेले ले जाकर मारा है। मैं और सभी छोटे भाई सो रहे थे। दूसरे नंबर का भाई वामिश और अब्बू डेयरी में जा चुके थे। शोरगुल मचने लगा तो हमारी नींद खुली। जब निकलकर देखा तो मां (अब्दा) रो रही थीं और भाई दानिश वहीं बेहोश पड़े थे। गोबर फेंका और मां के टोकने पर हमला पड़ोसी घर के सामने ही गोबर फेंकते हैं। मां सवेरे घर से बाहर निकलीं। उन्होंने गोबर देख पूछा कि पता नहीं कौन रोज गोबर फेंक देता है। इतना सुनते ही पड़ोसी फारुख ने कहा- हमने फेंका है। क्या कर लोगी? मां ने इसका विरोध किया तो वे मां को ही मारने लगे। भाई (मृतक) ने यह देखा तो बचाने पहुंच गए। 6 महीने पहले हुई थी शादी, घर के पास डेयरी मृतक मोहम्मद दानिश की शादी छह महीने पहले तबस्सुम से हुई थी। दानिश अपने पिता मोहम्मद शबान, मां अब्दा और छोटे भाई वामिश (20) के साथ मिलकर घर के पास ही डेयरी चलाता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। गुडंबा थाना प्रभारी प्रभतेश श्रीवास्तव का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ————————— ये खबर भी पढ़िए… देवबंद के इंस्पेक्टर बोले- हिंदू धर्म में भी आतंकवादी : सिर्फ मुसलमान आतंकी, ये सोच गलत; SSP ने लाइन हाजिर किया दिल्ली आतंकी ब्लास्ट के बीच सहारनपुर के देवबंद कोतवाली के इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार शर्मा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, आतंकवाद और आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता। (पूरी खबर पढ़िए)