गोयल ग्रुप की चीनी मिल पर 108 घंटे आईटी जांच:इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेज लेकर टीम रवाना, ऑर्गेनिक यूनिट में कार्रवाई जारी

संभल में गोयल ग्रुप की धामपुर शुगर मिल रजपुरा यूनिट पर पिछले 108 घंटे से जारी आयकर विभाग की छापामारी रविवार शाम 7 बजे पूरी हो गई। जांच टीम मिल परिसर से महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अपने साथ लेकर रवाना हुई। वहीं, धामपुर बायो ऑर्गेनिक यूनिट असमोली पर आयकर विभाग की छापामारी अब भी जारी है। सूत्रों के अनुसार, वहां भी कई अहम वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है। टैक्स चोरी के संदेह में आईटी ने यह कार्रवाई की। परिसर में सीआईएसएफ के जवान तैनात रहे। रविवार को पांचवें दिन भी आईटी ने जांच जारी रखी। दिल्ली और लखनऊ के आयकर अधिकारी इस टीम में शामिल है, जबकि मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। 29 अक्टूबर को सुबह 7 बजे 60-70 गाड़ियों के काफिले के साथ अधिकारी पहुंचे थे। चीनी मिलों के दो कार्यालयों में आयकर अधिकारी और कर्मचारी दस्तावेज खंगाले। मिल के अधिकारियों को भी इन्हीं कार्यालयों में बैठाया गया था। लैपटॉप से लेकर रजिस्टर तक की जांच की गई। असमोली शुगर मिल चीनी के अलावा रसायन, इथेनॉल, बिजली सह-उत्पादन और हर्बल उत्पाद बनाती है। यहां से चीनी विदेशों में निर्यात की जाती है। देखें 3 तस्वीरें… मिलों का गन्ना पेराई सत्र 10 नवंबर से शुरू होने की चर्चा है। इसके लिए सफाई और मशीनों की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई इन्हीं तैयारियों के बीच हुई है, जो किसी बड़ी कर गड़बड़ी का संकेत देती है। संभल शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में असमोली शुगर मिल की चीनी की मांग अधिक रहती है और दोनों मिलें किसानों के भुगतान को प्राथमिकता देती हैं। उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर 2025 को संभल के इमरान-इरफान ब्रदर्स के मीट प्लांट और उनके रिश्तेदारों व कर्मचारियों के ठिकानों पर भी 87 घंटे तक रेड चली थी। उस कार्रवाई में पीएसी जवानों के साथ 150 से अधिक अधिकारी शामिल थे।