गोरखपुर में सेंट एंड्रयूज कॉलेज के खेल मैदान पर गोरखपुर फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रही गोरखपुर फुटबॉल लीग प्रतियोगिता के नौवें दिन तीन रोमांचक मैच खेले गए। पहले दो मुकाबले 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुए, जबकि तीसरे मैच में संदीप स्पोर्टिंग पीपीगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए MP इंटर कॉलेज को 2-0 से पराजित किया। UP पुलिस- MP फुटबॉल क्लब का मैच रहा बराबरी पर पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस गोरखपुर जोन और MP फुटबॉल क्लब आमने-सामने हुए। मैच के 14वें मिनट में UP पुलिस के मोहम्मद अली ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक पुलिस टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ के 36वें मिनट में MP फुटबॉल क्लब के रिदम थापा ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। अंत तक दोनों टीमों में कोई गोल नहीं हुआ और मुकाबला 1-1 पर समाप्त हुआ। मैच के निर्णायक अमरनाथ, मेहताब अहमद, घनश्याम सिंह और आमिर खान रहे। घोसी एकादश- गोरखपुर फुटबॉल क्लब में भी बराबरी दूसरे मैच में गोरखपुर फुटबॉल क्लब और घोसी एकादश के बीच संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला। मैच की शुरुआत के छठे मिनट में गोरखपुर क्लब के शुभम गुरुंग ने गोल कर बढ़त बनाई। लेकिन 11वें मिनट में घोसी एकादश के आरिफ अली ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। निर्णायक रहे संजय साहनी, फखरुद्दीन अली और रतन सिंह। विपिन के दो गोल से संदीप स्पोर्टिंग पीपीगंज की जीत दिन का आखिरी मैच MP इंटर कॉलेज और संदीप स्पोर्टिंग पीपीगंज के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। लेकिन दूसरे हाफ में संदीप स्पोर्टिंग के खिलाड़ी विपिन ने 23वें और 59वें मिनट में लगातार दो गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। मैच समाप्ति तक यही स्कोर बरकरार रहा और संदीप स्पोर्टिंग पीपीगंज ने शानदार जीत दर्ज की। निर्णायक रहे ओमप्रकाश गौड़, विकास और आलोक।