गोरखपुर में 11वीं ऑल इंडिया टी-20 लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 में रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर पूल-B के दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में इंडियन एयरफोर्स ने हरियाणा को सात विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली ने राजस्थान को छह विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी पहली सफलता हासिल की। अब जानिए आज के दिन का खेल… एयरफोर्स ने 18वें ओवर में जीता पहला मैच
पहले मुकाबले में हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में पूरी टीम 125 रन पर आउट हो गई। नमन ने 35 और रक्षित ने 21 रन बनाए। इंडियन एयरफोर्स की ओर से गौरव कोचर ने चार विकेट लेकर विपक्ष की कमर तोड़ी। राजबहादुर और अर्जुन ने दो-दो तथा विनीत ने एक विकेट लिया। जवाब में एयरफोर्स ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 18वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। गौरव कोचर ने 48 रन की अहम पारी खेली, जबकि शशांक ने 26, देवेंद्र ने 23 और विकास ने नाबाद 16 रन जोड़े। हरियाणा के नमन, सैंडी और आयुष को एक-एक विकेट मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गौरव कोचर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार डॉ. अजय सिंह ने प्रदान किया। मैच का शुभारंभ डॉ. अशोक यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। दिल्ली ने 17.5 ओवर में जीत दूसरा मैच
दूसरे मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 144 रन बनाए। यशस्वी ने 32 रन बनाए, जबकि अजय सिंह और अमन यादव ने 26-26 रन का योगदान दिया। दिल्ली की ओर से अंकित और राजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। अजीत, अमृत और सुल्तान को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 17.5 ओवर में चार विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। अंकित ने 58 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि कुणाल ने 48 और हर्षित ने 21 रन बनाए। राजस्थान के यशस्वी ने चार विकेट लेकर संघर्ष किया। अंकित को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डॉ. विनोद ने दिया।