गोरखपुर में ज्वेलरी की दुकान पर गिरा जर्जर पोल:बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा, व्यापारी ने की कार्रवाई की मांग

गोरखपुर में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का नतीजा सामने आया। शिवपुर शाहबाजगंज में मिलन चौराहा के पास जर्जर बिजली पोल अचानक गिर गया, जिससे नीलकंड ज्वेलरी हाउस का टीन शेड टूट गया और व्यापारी को नुकसान उठाना पड़ा। वहां रह रहे लोगों का कहना है कि अगर विभाग समय रहते सचेत हो जाता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। दरअसल, घटना वाले स्थान पर ट्रांसफार्मर के बगल में लगा बिजली पोल लंबे समय से खराब हालत में था। लोगों ने कई बार विभाग को इसकी जानकारी दी थी। शिकायतों के बावजूद न तो निरीक्षण हुआ और न ही मरम्मत। लोग बताते हैं कि पोल धीरे-धीरे और झुकता जा रहा था, लेकिन विभाग ने किसी भी तरह की कार्रवाई जरूरी नहीं समझी। पोल हटाने में भी नहीं हुआ सुरक्षा मानकों का पालन घटना के बाद जब बिजली विभाग की टीम आखिरकार पोल हटाने पहुंची, तो काम में फिर से लापरवाही दिखी। कर्मचारियों ने बिना किसी सुरक्षा उपाय के पोल को जोर से खींचा, जिससे वह नियंत्रण खोकर सीधे नीलकंड ज्वेलरी हाउस पर जा गिरा। इस हादसे में दुकान का टीन शेड टूट गया और अंदर रखी वस्तुओं को भी नुकसान पहुंचा। दुकानदार ज्योति कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह नुकसान पूरी तरह बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है। उनका कहना है कि पोल पहले से आधा टूटा हुआ था और तकनीकी तरीके से हटाए जाने की आवश्यकता थी। लेकिन समय रहते न सुधार किया गया और न ही हटाने के दौरान एहतियात बरती गई। पहले भी चुकाई है कीमत घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और विभागीय अनदेखी पर रोष जताया। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब विभाग की लापरवाही से खतरा पैदा हुआ हो। इलाके में कई बार इस तरह की शिकायतें उठाई गईं, लेकिन विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों ने कहा कि अगर समय रहते पुराने टूटे हुए जर्जर पोल हटाए जाएं, तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।