गोरखपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पति-पत्नी उछलकर दूर जाकर गिरे। जबकि उनकी बाइक टायरों के बीच फंस गई। इसके बाद ट्रक ने स्कूल जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया छात्रा के पैर पर चढ़ गया। फिर एक पेड़ से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद गांव वाले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कुदाल से मिट्टी हटाकर टायर के नीचे फंसी छात्रा को बाहर निकाला। करीब 20 मिनट तक छात्रा का पैर पहिए के नीचे दबा रहा। हादसे में छात्रा का बायां पैर टूट गया। जबकि दंपती घायल हो गए। तीनों लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना गीडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई। मंदिर जा रहे थे दंपती, ट्रक के पहिए के नीचे फंसी छात्रा
सोमवार सुबह करीब 8. 30 बजे बांस पार गांव निवासी गौरव (29) और अर्चना (28) बाइक से मंदिर जा रहे थे। गीडा थाना के पिपरौली चौकी के पास जैतपुर-बोक्टा रोड पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पति-पत्नी उछल कर दूर जा कर गिरे। हादसे में गौरव और उनकी पत्नी अर्चना घायल हो गई। जबकि उनकी बाइक ट्रक के पहिए में फंस गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रक को दौड़ा दिया। इस दौरान बाइक ट्रक में घिसटती रही। करीब 200 मीटर आगे भाग रहे ट्रक चालक ने पैदल स्कूल जा रही छात्रा शिवानी (14) को टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर सड़क पर गिर पड़ी। ट्रक का पहिया उसके बाएं पैर पर चढ़ गया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकराकर रुक गया। इसी बीच चालक कूदकर फरार हो गया। शिवानी की चीखें सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रा को बाहर निकालने का प्रयास किया। मगर उसका एक पैर ट्रक के पहिए के नीचे फंसा हुआ था। फिर गांव वाले कुदाल लेकर पहुंचे। गांव वालों ने कुदाल से ट्रक के पहिए के नीचे की मिट्टी को हटाया। इसके बाद छात्रा को बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मां बोली- बेटी को देखकर मेरी चीख निकल गई
मां रागिनी ने बताया- मेरी बेटी शिवानी क्लास 7 में पढ़ती है। उन्होंने बताया- सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली तभी रास्ते में ही ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक को देख शिवानी ने भागने की कोशिश की, लेकिन ट्रक उसी तरफ अनियंत्रित होकर मुड़ गया। ट्रक ने शिवानी को टक्कर मार दी। वह उछल कर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। फिर उसके पैर में पहिया चढ़ गया। मैं बेटी को इस हालत में देखकर मैं तो बहुत ज्यादा घबरा गई। चिल्ला कर रोने लगी। जैतपुर-बोक्टा मार्ग 30 मिनट तक रहा जाम
5 बच्चों में शिवानी सबसे बड़ी बेटी है। उसके पिता रामप्रकाश मजदूर हैं। उन्होंने बताया- हम दोनों पति पत्नी मजदूरी करते हैं। पिपरौली में ही किराए के मकान में रहते हैं। सुबह बेटी स्कूल जानें के लिए घर से निकली तभी यह हादसा हो गया। हादसे के कारण जैतपुर-बोक्टा मार्ग करीब आधा घंटा जाम रहा।