गोरखपुर में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट:भीड़भाड़ में गस्त करने निकले SP सिटी, ड्रोन से हो रही चप्पे-चप्पे की निगरानी

गोरखपुर में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसएसपी के निर्देशन में मंगलवार को एसपी सिटी ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। तस्वीरों में देखिए पुलिस की तैयारी यह गश्त विशेष रूप से थाना कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर थाना क्षेत्रों में की गई। इन इलाकों के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों के आसपास तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में पैदल घूमकर दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। एसपी सिटी ने दिए निर्देश गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, वाहनों की चेकिंग और सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और लगातार पेट्रोलिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, तिवारीपुर व राजघाट सहित संबंधित थानों के अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश मौके पर ही जारी किए। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी नागरिक सुरक्षित वातावरण में हर्षोल्लास के साथ अपने त्योहार मना सकें।