गोरखपुर के प्रकाश क्रिकेट ग्राउंड में चल रही TBCCL सीजन-2 का खिताब पूर्वांचल पैंथर्स ने अपने नाम किया। फाइनल में पैंथर्स ने लखनऊ वोल्वोज को 4 विकेट से हराया और 16 लाख रुपये की इनामी राशि के साथ ट्रॉफी अपने नाम की। उपविजेता लखनऊ वोल्वोज को ट्रॉफी और 12 लाख रुपये मिले। लखनऊ वोल्वोज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 9 विकेट पर 49 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पूर्वांचल पैंथर्स ने 9.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 50 रन का लक्ष्य पूरा किया। रजत सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 30 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। एलिमिनेटर में अयोध्या किंग्स को 17 रन से हराया
TBCCL के पहले एलिमिनेटर मुकाबले में पूर्वांचल पैंथर्स ने अयोध्या किंग्स को 17 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 10 ओवर में 2 विकेट पर 74 रन बनाए। जवाब में अयोध्या किंग्स 10 ओवर में 7 विकेट पर 57 रन ही बना सकी। इस मैच में मोहम्मद शान को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए।
क्वालिफायर-2 में राजस्थान बुल्स पर 9 रन की जीत
क्वालिफायर-2 में पूर्वांचल पैंथर्स ने पहले खेलते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 56 रन बनाए। राजस्थान बुल्स ने 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 47 रन बनाए। पैंथर्स ने मुकाबला 9 रन से जीत लिया। इस मैच में भी मोहम्मद शान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए। TBCCL में देशभर की 12 टीमों ने लिया था हिस्सा
TBCCL सीजन-2 को टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित किया गया था, जिसे युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है। इस लीग में हिंदुस्तान के विभिन्न हिस्सों से कुल 12 टीमों ने भाग लिया। लीग को देश की सबसे बड़ी सर्किल क्रिकेट लीग माना जाता है।