गोरखपुर में फ्लाईओवर हादसे के विरोध में कैंडल मार्च:आकाश पांडेय और उमेश शर्मा को दी श्रद्धांजलि, न्याय की मांग

गोरखपुर में मोहद्दीपुर फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय और उमेश शर्मा की मौत के बाद सोमवार शाम मेडिकल कॉलेज रोड पर लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दोनों को श्रद्धांजलि दी और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कुछ देर मौन रखकर दोनों मृतकों को याद किया। लोगों ने कहा कि यह कार्यक्रम दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने और न्याय की मांग को सामने रखने के लिए आयोजित किया गया था। लोगों का कहना था कि ऐसी घटनाओं में सच्चाई सामने आना जरूरी है।
होली के दिन चार मार्च की रात हुआ था हादसा
दरअसल, होली के दिन चार मार्च की रात मोहद्दीपुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उमेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एम्स में इलाज के दौरान उमेश शर्मा की मौत
हादसे के बाद उमेश शर्मा को इलाज के लिए एम्स गोरखपुर में भर्ती कराया गया था। जहां पांच मार्च को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार और परिचितों में गहरा दुख है। संत कबीर नगर के रहने वाले थे आकाश पांडेय
इस हादसे में जान गंवाने वाले आकाश पांडेय संत कबीर नगर के रहने वाले थे और एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। जिला प्रशासन की ओर से उनके परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती जरूरी है और प्रशासन को ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।