गोरखपुर में बोलेरो ने 16 गाड़ियों को रौंदा; VIDEO:2 ने हॉस्पिटल में भागकर जान बचाई, ड्राइवर बोला- खून देकर निकला, समझ नहीं पाया

गोरखपुर में एक बोलेरो ड्राइवर ने 16 गाड़ियों को रौंद दिया। घटना हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर हॉस्पिटल की है। दो लोगों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। हॉस्पिटल कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कर्मचारियों ने बोलेरो ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बोलेरो की चपेट में आई बाइक और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सभी 16 गाड़ी मालिकों ने शाहपुर थाने में शिकायत दी है। चालक की पहचान मंझरिया गांव के यशवंत यादव के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने बताया- खून देकर आया था। कुछ समझ नहीं पाया, क्या हो गया। 2 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से…
शाहपुर गीता वाटिका के 3 नंबर गेट पर हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर हॉस्पिटल संचालित होता है। स्टाफ ने बताया कि शनिवार दोपहर 1:18 बजे एक बोलेरो यूपी-53-बीएल-9222 तेज रफ्तार से परिसर में आकर स्टाफ वाहन पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को रौंद दिया। जिससे 16 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गाड़ी चालक काे पकड़ा तो उसने अपना नाम यशवंत यादव बताया। उसने कहा- हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर हॉस्पिटल में उनके रिश्तेदार भर्ती हैं। थोड़ी देर पहले एक जगह पर खून देकर यहां आने के लिए निकला था। हॉस्पिटल में जैसे बोलेरो एंट्री की। इसके बाद क्या हुआ, मेरी समझ में नहीं आया। गाड़ी की रफ्तार अचानक बढ़ गई। मेरा हाथ भी काम करना बंद कर दिया। यशवंत के पास से डीएल भी मिला है। उसका डीएल 23 जुलाई 2020 में बना है। इसकी वैधता 2 मार्च 2038 है। इस घटना के बाद काफी देर तक हॉस्पिटल में हंगामा होता रहा। शाहपुर पुलिस के आने के बाद लोग शांत हुए। स्टाफ का कहना था कि उनकी गाड़ी अब इस हालत में भी नहीं है कि वे उससे घर जा सकें। 16 लोगों ने की शिकायत
शाहपुर थाने में सोनी गुप्ता, विनोद कुमार, विरेंद्र कुमार दूबे, अखिलेश मिश्रा, पुष्पेश पुष्कर, हेमंत तिवारी, आकाश साहनी, निधि सिंह, विकास चक्रधारी, अविनाश चंद्र त्रिपाठी, नेहा, निशांत चतुर्वेदी, मुन्ना कुमार, बांके सिंह, अभिनीत सिंह और मोहम्मद अबरार ने शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में शाहपुर थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया- तहरीर मिली है। चालक से पूछताछ की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ———————— ये खबर भी पढ़ें…. ड्रग तस्कर के साथ VIDEO पर धनंजय सिंह की सफाई:बाहुबली ने कहा- मेरे खिलाफ साजिश, CBI जांच कराई जाए लखनऊ में गिरफ्तार ड्रग तस्कर अमित टाटा के साथ फोटो और VIDEO पर बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। कहा- मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है। कोडीन मिक्स नशीली सिरप की तस्करी की CBI जांच की जानी चाहिए। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी को पत्र लिखूंगा। पढे़ं पूरी खबर…