गोरखपुर एक बार फिर साहित्य और कला के रंगों से सराबोर होने के लिए तैयार है। 20 और 21 दिसंबर को शहर के होटल विवेक लॉन में ‘गोरखपुर लिटरेरी फेस्ट’ (GLF) के आठवें एडिशन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता और रंगमंच की दिग्गज हस्तियां एक ही मंच पर वैचारिक मंथन करेंगी। पहले दिन के कार्यक्रम की शुरुआत शब्द संवाद से होगी। उसके बाद एक एक कर ‘गुफ़्तगू’, ‘OTT बनाम थिएटर’, ‘लोकतंत्र और मीडिया’ जैसे अन्य विषयों पर अलग- अलग सेशन का सिलसिला शाम तक चलता रहेगा। इसके साथ ही नाट्य मंचन की प्रस्तुति भी होगी। सितारों से सजेगी साहित्य की शाम
फेस्ट में इस बार बॉलीवुड का तड़का भी देखने को मिलेगा। ‘महारानी’ वेब सीरीज से चर्चा बटोरने वाले अभिनेता विनीत कुमार और मशहूर फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण होंगे। मधुर भंडारकर एक विशेष सत्र ‘गुफ्तगू’ में सिनेमा के बदलते स्वरूप पर चर्चा करेंगे। दिग्गज साहित्यकारों और पत्रकारों का जमावड़ा
फेस्टिवल में देश के नामचीन लेखक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रमुख वक्ताओं में साहित्यकार उदय प्रकाश, चंद्रकांता, गगन गिल, बद्री नारायण, देवेंद्र आर्य और यशवंत व्यास मौजूद रहेंगे। पत्रकारिता जगत से वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश शर्मा और दयाशंकर शुक्ल ‘सागर’ वर्तमान मीडिया परिदृश्य पर अपने विचार रखेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
आयोजन संयोजक अचिंत्य लाहिड़ी के अनुसार, केवल चर्चा ही नहीं, बल्कि कला का प्रदर्शन भी इस उत्सव की जान होगा। ‘भाषा, साहित्य और शब्द-संवाद’ विषय पर पद्मश्री प्रो. विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में विमर्श होगा। पहले दिन का समापन मानवेंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में एक शानदार नाट्य प्रस्तुति से होगा। दूसरे दिन दिखेगी युवा प्रतिभा दो दिनों तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में 21 दिसंबर की सुबह ‘नवोत्पल’ सत्र में शहर के युवा कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। फेस्ट का समापन डॉ. हरिओम एवं उनकी टीम की जादुई गजल गायकी के साथ होगा। सचिव शैवाल ने बताया कि इस फेस्ट का उद्देश्य शहर के युवाओं को देश की बौद्धिक संपदा से जोड़ना है। दो दिनों तक चलने वाला यह आयोजन गोरखपुर को कला और संवाद के केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा।