गोरखपुर में हैमर बॉल फाउंडर कप 2026 का समापन:पुरुष वर्ग में यूपी और महिला वर्ग में उत्तराखंड बनी विजेता, 24 टीमें शामिल रहीं

गोरखपुर में क्रीड़ा भारती और एशियाई हैमर बॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय हैमर बॉल फाउंडर कप 2026 का भव्य समापन प्रकाश क्रिकेट ग्राउंड, मुगलाहा में हुआ। समापन समारोह में बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम अनिल कुमार ढाका मुख्य अतिथि रहे, जबकि क्रीड़ा भारती के सह मंत्री सुरेंद्र सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहन तिवारी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश का दबदबा पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में उत्तराखंड ने नेपाल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने राजस्थान को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड को मात दी और खिताब अपने नाम किया। उत्तराखंड की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में उत्तराखंड ने हासिल किया खिताब महिला वर्ग में उत्तराखंड की टीम विजेता बनी, जबकि उत्तर प्रदेश को उपविजेता स्थान प्राप्त हुआ। महाराष्ट्र की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। एशियाई हैमर बॉल एसोसिएशन के सचिव आशीष कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि हैमर बॉल भारत का पारंपरिक खेल है, जिसे वर्तमान में विश्व के 16 देशों में खेला जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न देशों से करीब 350 खिलाड़ी गोरखपुर पहुंचे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में मनीष श्रीवास्तव, जोगिंदर देव आर्य, दीपक श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव सहित हैमर बॉल के टेक्निकल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।