गोवा थार खरीदने गए हाथरस के युवक की हत्या:आधी रात घर पर फोन कर रोते हुए कहा- मुझे बचा लो, तीन आरोपी गिरफ्तार

हाथरस के मुरसान के गांव कोरना निवासी 20 वर्षीय कपिल चौधरी की गोवा में हत्या कर दी गई है। वह थार गाड़ी खरीदने के लिए गोवा गया था। इस घटना के बाद गांव में मातम छा गया है और परिवार के सदस्य कपिल के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं। कपिल चौधरी श्रीनिवास के पुत्र थे। श्रीनिवास खेती के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। परिवार में चार भाई हैं और उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कपिल मथुरा से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था, जबकि छोटा बेटा रविंद्र उर्फ भोला भी मथुरा में ही पढ़ाई कर रहा है। कपिल 27 अक्टूबर की शाम को थार खरीदने के लिए गोवा जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह अपने साथ लगभग छह लाख रुपए भी ले गया था। वह बस से गोवा पहुंचा था। 30 अक्टूबर को कपिल ने अपने पिता श्रीनिवास को फोन कर बताया कि उसने गाड़ी खरीद ली है और डीजल के लिए 15 हजार रुपए खाते में डालने को कहा। पिता ने शाम को पैसे ट्रांसफर कर दिए। उसी रात कपिल ने फिर फोन किया, लेकिन वह घबराया हुआ था और रोते हुए बचाने की गुहार लगा रहा था। फोन पर कुछ लोगों को उसे पीटते हुए सुना गया। एक व्यक्ति ने यह भी कहा, “ले आखिरी बार बात कर ले।” इसके बाद फोन बंद हो गया। रात को ही श्रीनिवास ने गोवा के लिए फ्लाइट बुक की और 31 अक्टूबर की सुबह मथुरा के रिश्तेदारों के साथ गोवा रवाना हो गए। वहां पहुंचने पर उन्हें कपिल की हत्या होने की जानकारी मिली। गोवा के कोलवले पुलिस स्टेशन में कपिल का शव अज्ञात के रूप में दर्ज था। पिता ने पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके बाद जांच शुरू हुई। पांच लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है, जिनमें से तीन को गोवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।