सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कजियारे चौराहे पर स्थित एक मिष्ठान भंडार से दुकानदार का मोबाइल फोन चोरी हो गया। चोर ग्राहक बनकर दुकान में आया और मिठाई लेने के बहाने मौका पाकर काउंटर पर रखा मोबाइल फोन चुरा ले गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार कदीर अहमद पुत्र सुलतान अहमद ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे के आसपास एक व्यक्ति मुंह पर मास्क लगाए हुए ग्राहक बनकर दुकान में आया। उसने मिठाई का ऑर्डर दिया। जैसे ही दुकानदार मिठाई देने के लिए काउंटर से हटे, तभी आरोपी ने तराजू के पास रखा मोबाइल फोन उठा लिया और चुपचाप दुकान से बाहर निकल गया।
कुछ देर बाद जब दुकानदार काउंटर पर लौटे तो मोबाइल गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी फोन नहीं मिलने पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई, जिसमें एक व्यक्ति मोबाइल चोरी करते हुए साफ नजर आ रहा है। आरोपी की हरकतें कैमरे में रिकॉर्ड होने से उसकी पहचान में पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है। पीड़ित दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत सीतापुर शहर कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।