ग्रेटर नोएडा के अल्फा 1 सेक्टर में घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारकर फरार हुए थार चालक को बीटा 2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की थार गाड़ी भी जब्त कर ली है। यह घटना सोमवार दोपहर बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर अल्फा वन में हुई। एक थार गाड़ी ने घर के बाहर खड़ी आई10 कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में आई10 और बुलेट क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के समय गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए कोई घायल नहीं हुआ। टक्कर मारने की यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने थार चालक की तलाश शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हापुड़ के सपनावत निवासी युवराज के रूप में हुई है। युवराज ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त की थार गाड़ी लेकर एक शादी में जा रहा था। अचानक सामने बच्चे आ गए, जिन्हें बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर खड़ी आई10 कार से टकरा गई। युवराज के अनुसार, उसने आई10 कार के मालिक को टक्कर के बारे में सूचित कर दिया था। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और थार गाड़ी को जब्त कर सीज कर दिया।