ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक बीटेक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली। मंगलवार शाम छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान आकाशदीप के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले का रहने वाला था। वह नॉलेज पार्क स्थित डीटीसी (दिल्ली टेक्निकल कैंपस) कॉलेज में बीटेक सीएस प्रथम वर्ष का छात्र था और एसएनएच रेजीडेंसी हॉस्टल में रह रहा था। मंगलवार को आकाशदीप ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसका रूममेट कॉलेज से वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां आकाशदीप फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र के कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने पढ़ाई के दबाव का जिक्र किया है। नोट में लिखा है, “मम्मी-पापा, मैं आपके पैसे बर्बाद नहीं करना चाहता। पढ़ाई के तनाव में आकर यह कदम उठा रहा हूं। मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।” पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।