ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक की पत्नी संध्या ने बताया कि उनके पति क्षेत्रपाल 18 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे अपने साथियों शिव, जितेंद्र, अभिषेक और रोहित के साथ सुनील भाटी के मकान में कमरा नंबर 61 व 62 के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। आरोप है कि रोहित, जितेंद्र और अभिषेक ने मिलकर क्षेत्रपाल के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिम्स अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें यथार्थ अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह क्षेत्रपाल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बीटा-2 थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। बीटा-2 कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।