ग्रेटर नोएडा में पुलिस और 25,000 रुपये के इनामी बदमाश दानिश के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह घटना इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के यामाहा कट के पास हुई। पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस की मदद से चेकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और तेज गति से भागने की कोशिश करने लगा। पीछा करने पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। मोटरसाइकिल गिरने के बाद बदमाश ने पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश दानिश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला रंगमहल निवासी दानिश के रूप में हुई है। दानिश इकोटेक-3 थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दानिश के पास से एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल बिसरख थाने में पंजीकृत चोरी के एक मामले से संबंधित है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की फिराक में बंद घरों और फैक्ट्रियों की रेकी कर रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी अपने साथियों के साथ कई चोरियां कर चुका है और जेल भी जा चुका है। सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि घायल बदमाश दानिश एक शातिर अपराधी है, जिस पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों के संबंध में आगे की जानकारी जुटा रही है।