ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित गौर सिटी-1 की साया सोसाइटी के एक फ्लैट की बालकनी में रविवार शाम आग लग गई। इस घटना से आसपास के फ्लैटों में हड़कंप मच गया। आग के कारण बालकनी में रखा गत्ते का सामान और वॉशिंग मशीन जल गए। सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम ने दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही अपने फायर उपकरणों की मदद से आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। यह घटना टावर-के की 19वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट की बालकनी में शाम करीब चार बजे हुई। सोसाइटी के निवासियों ने धुआं और आग की लपटें देखकर तुरंत मेंटेनेंस टीम और दमकल विभाग को सूचित किया। मेंटेनेंस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोसाइटी के फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग कर पानी की बौछारों से आग पर नियंत्रण पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि दमकल की टीम सूचना मिलते ही मौके पर रवाना हो गई थी, लेकिन सोसाइटी के फायर फाइटिंग सिस्टम द्वारा आग को समय रहते बुझा दिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।