कानपुर के घाटमपुर में एक दुकानदार के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पॉलिसी से जुड़ा झांसा देकर पीड़ित से 27 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए और इसके बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घाटमपुर थाना क्षेत्र के बनहरी गांव निवासी दुकानदार मनोज कुमार दीक्षित के साथ हुई है। उनकी दुकान कानपुर-सागर हाईवे पर घाटमपुर नगर के मंडी के पास स्थित है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने केनरा बैंक की घाटमपुर शाखा में एक पॉलिसी खुलवा रखी है, जिसकी वार्षिक किस्त 30 हजार रुपये है। अब तक वह सात किस्तें जमा कर चुके हैं।
मंगलवार को उनके मोबाइल पर किसी अनुराग शर्मा नामक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए कहा कि उनकी पॉलिसी से 1.38 लाख रुपये एजेंट के खाते में ट्रांसफर होने वाले हैं और पूछा कि क्या यह उनकी सहमति से हो रहा है। मनोज कुमार के मना करने पर आरोपी ने एजेंट की आईडी बदलवाने की बात कही। कुछ देर बाद खुद को सीनियर अधिकारी बताने वाला विवेक पाठक नामक व्यक्ति फोन पर जुड़ा। उसने कहा कि एजेंट आईडी बदलने नहीं दे रहा है और दूसरी कंपनी से नई आईडी दिलवाने में कुछ खर्च आएगा। इसके बाद आरोपी ने निर्देश दिया कि किसी साइबर कैफे में जाकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से जुड़े अनीता देवी नाम के खाते में 27 हजार रुपये जमा कर दें, जिससे आईडी उनके नाम हो जाएगी और पॉलिसी की रकम उन्हें मिल जाएगी। पीड़ित ने आरोपियों की बातों में आकर गूगल पे के माध्यम से बताए गए खाते में 27 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उन्होंने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल फोन बंद मिले। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने घाटमपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है और शिकायत को साइबर सेल को भेज दिया गया है।