घाटमपुर में 6 थानों में दंगा नियंत्रण रिहर्सल:एसीपी ने खुद चलाई टियर गैस गन, संवेदनशील क्षेत्रों में फोर्स के साथ पैदल गश्त

कानपुर के घाटमपुर सर्किल में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए घाटमपुर सर्किल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसीपी कृष्णकांत यादव ने सोमवार को सर्किल के छ थानों में दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ व्यापक रिहर्सल करा कर पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने रेउना में खुद टियर गैस गन चलाई और थाना प्रभारी समेत पुलिस कर्मियों में चलवाई। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि रेउना, सजेती, साढ़, घाटमपुर, बिधनू और सेन पश्चिम पारा थानों में पहुंचकर पुलिस कर्मियों को दंगा नियंत्रण यंत्रों के संचालन का अभ्यास कराया गया। रेउना थाने में उन्होंने स्वयं टियर गैस गन चलाकर दिखाई, और फिर यहां पर मौजूद थाना प्रभारी अनुज राजपूत समेत अन्य पुलिसकर्मियों से भी उसे चलवाया। यहां पर रिहर्सल के दौरान रायफल, टियर गैस गन, दंगा नियंत्रण उपकरणों की कार्यप्रणाली समझाई। एसीपी ने जवानों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में संयम, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान छोटी सी चूक भी बड़ी घटना का रूप ले सकती है, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता जरूरी है। रिहर्सल के बाद एसीपी कृष्णकांत यादव ने थाना प्रभारी अनुज राजपूत के साथ थाना क्षेत्र के संवेदनशील होलिका दहन स्थलों और चिन्हित गांवों में दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की। इसके साथ उन्होंने लोगो को सुरक्षा का अहसास दिलाया। नशे में गाड़ी चलाई तो हो सकती है सीज
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि होली पर हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सर्किल क्षेत्र में लगातार गश्त की जाएगी और हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।