मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। चरथावल-थानाभवन मार्ग पर नगला राई गांव के पास एक वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी। मृतक की पहचान चरथावल विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पीपलशाह निवासी शिवकुमार शर्मा के रूप में हुई है। शिवकुमार शर्मा का चरथावल कस्बे में रोहाना तिराहे से आगे गन्ना समिति के सामने एक रेस्टोरेंट है। यह घटना रात करीब 8:00 बजे हुई जब वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर हिंडन चौकी प्रभारी गोविंद चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल शिवकुमार शर्मा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया भी सीएचसी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने बताया कि बाइक सवार की पेड़ से टकराकर खाई में गिरने से मौत हुई है।