मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम करीब 7 बजे एक चलती टाटा सुमो कार में आग लग गई। थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत जय गुरुदेव मंदिर के सामने फ्लाईओवर पर हुई इस घटना में ड्राइवर सहित सभी सात यात्री सुरक्षित बच गए। ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि टाटा सुमो आगरा से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसमें ड्राइवर समेत कुल सात लोग सवार थे, जो ब्रज क्षेत्र घूमने आए बंगाल के श्रद्धालु बताए जा रहे हैं।
यात्रा के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए वाहन को हाईवे किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और भीषण लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
हालांकि, दमकल कर्मियों के आग पर काबू पाने से पहले ही टाटा सुमो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर धीरे-धीरे आवागमन को सामान्य किया। थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गया है। प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।