चलती ट्रेन में लूट करने वाला युवक गिरफ्तार:डंडे से प्रहार कर यात्री का बैग छीना था, घायल का चल रहा इलाज

देवरिया में चलती ट्रेन में यात्री को डंडे से मारकर बैग लूटने के आरोप में जीआरपी ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से ट्रेनों में मोबाइल और बैग छीनने की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। घटना में घायल यात्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बिहार के सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सनी कुमार 9 फरवरी को एक रिश्तेदारी कार्यक्रम में शामिल होने घर से निकले थे। वह मैरवा स्टेशन से मौर्य एक्सप्रेस पकड़कर गोरखपुर जा रहे थे। ट्रेन जब देवरिया रेलवे स्टेशन से आगे बढ़कर शर्मा ढाबा के पास पहुंची, तब सनी कुमार जनरल बोगी के दरवाजे पर खड़े थे। उसी दौरान एक अज्ञात युवक ने डंडे से उन पर प्रहार कर उनके हाथ से बैग छीन लिया। अचानक हुए हमले से संतुलन बिगड़ने पर सनी कुमार चलती ट्रेन से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बैग में कपड़े और जरूरी कागजात बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही देवरिया सदर रेलवे स्टेशन की जीआरपी सक्रिय हो गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जीआरपी ने यात्रियों से चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े न होने और सतर्क रहने की अपील भी की है। देवरिया जीआरपी ने शुक्रवार को प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के पूर्वी छोर से जिशान अंसारी नामक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 12 हजार रुपये कीमत का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले भी चलती ट्रेनों में डंडा मारकर मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। उसने यह भी बताया कि वह दोबारा वारदात की योजना से स्टेशन पर आया था। उसकी निशानदेही पर वह डंडा भी बरामद कर लिया गया है, जिसका उपयोग उसने 9 फरवरी की घटना को अंजाम देने के लिए किया था।