फिरोजाबाद में एक खेत की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्कों से भरा मटका मिला। जेसीबी से खुदाई कर रहे ड्राइवर के मुंह से जैसे ही निकला- मटका तो चांदी के सिक्कों से भरा है। वहां मौजूद गांव वाले सिक्के लूटकर भागने लगे। सभी एक दूसरे से सिक्के छीनने में जुट गए। एक बच्चे ने दौड़कर 15 सिक्के उठा लिए। यह देखते जेसीबी का ड्राइवर उसकी ओर दौड़ा। उसने बच्चे से दस सिक्के छिना लिए। खेत के मालिक को जैसे ही इसकी खबर मिली। वह भागकर मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक गांव वाले सिक्के लेकर भाग चुके थे। घटना जसराना के नवादा ग्राम पंचायत की है। अब पूरा मामला विस्तार से… नगला राम गांव के रहने वाले शिवप्रताप के खेत में भट्टे के लिए जेसीबी से मिट्टी की खुदाई चल रही थी। तभी अचानक जेसीबी के सामने मिट्टी के अंदर एक मटकी आ गई। ड्राइवर जैसे ही मटकी को उठाने चला तो वह टूट गई। उसमें भरे चांदी के सिक्के बाहर बिखर गए। जेसीबी चालक तेजी से चिल्लाया- चांदी के सिक्के से भरा मटका मिला। इतना सुनते ही पास में खेल रहे बच्चे उसकी तरफ भागे। आसपास के लोग भी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच। देखते ही देखते सिक्के लूटने के लिए लोगों में छीना-झपटी शुरू हो गई। खेत मालिक जबतक मौके पर पहुंचते, सारे चांदी के सिक्के लुट चुके थे। गांव वाले बोले- चोरी के सिक्के खेत में दबाए ग्रामीणों का कहना है कि चोरी से बचाने के लिए किसी ने मटकी में चांदी के सिक्के भरकर खेत में दबा दिए होंगे। अब, भट्ठे में ईंट पकाने के लिए मिट्टी की खुदाई के दौरान यह मटका निकल आया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सिक्के कितने पुराने हैं और उनकी संख्या कितनी है। देखने में यह सिक्के मुगलकाल के लग रहे हैं। खेत में मिली इस मटकी की जानकारी अभी तक पुलिस को नहीं दी गई है। आसपास के क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। बच्चा बोला- ड्राइवर ने मुझसे 10 सिक्के छीने गांव के बच्चे करण ने बताया, सबसे पहले हमने सिक्के देखे। जिसके बाद हमने 15 सिक्के लूटे। लेकिन जेसीबी ड्राइवर ने मुझसे 10 सिक्के छीन लिए। हम वहां खेलने गए थे, तभी हमने यह सब देखा। गांव के ही सावरेन ने कहा कि हम भी वहां पहुंचे थे और काफी देर तक वहीं बैठे रहे। लेकिन जब खेत मालिकों ने विरोध शुरू किया तो हमें वहां से भगा दिया। वहां काफी गहरा गड्ढा है। प्रधान ने कहा- गांव में ऐसा पहली बार हुआ ग्राम प्रधान अजीत कुमार ने बताया- अगर ऐसी कोई ऐतिहासिक धरोहर मिलती है, तो पंचायत इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को देकर संरक्षण की व्यवस्था करेगी। अगर भविष्य में ऐसी कोई वस्तु मिलती है, तो हम तत्काल सूचना देंगे ताकि उसे सुरक्षित रखकर सरोवर या संग्रहालय में रखा जा सके। मेरी पंचायत में इस तरह की घटना पहली बार मेरे संज्ञान में आई है।” ……………… ये खबर भी पढ़ें…. अखिलेश से मिलने पहुंचे सपाइयों को धक्के मारकर निकाला:बरेली में होटल के गेट से बाहर किया, विधायक की शादी में गए थे सपा प्रमुख बरेली के बहेड़ी से सपा विधायक अताउर रहमान की बेटी की गुरुवार को शादी हुई। इसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पहुंचे। उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। इस दौरान अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं को सुरक्षाकर्मियों ने धक्के मारकर मैरिज हॉल से बाहर निकाल दिया। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि भाजपा वाले भूमाफिया हैं। इतना महंगा सोना और जमीन वही ले रहे हैं। और तो और, ये भाजपा के लोग तो भगवान से भी ऊपर हैं। देखिए न, इकाना स्टेडियम भगवान का नाम है। उसका नाम बदल दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…