चाइनीज मांझे से इकलौते बेटे की मौत, लिपटकर रोई मां:लखनऊ में लाश देख पत्नी बोली- देखो, कितने स्मार्ट लग रहे

लखनऊ में चाइनीज मांझे की वजह से जान गंवाने वाले शोएब का जनाजा गुरुवार को उठा। घर के इकलौते बेटे की लाश देखने के बाद बूढ़ी मां बदहवास हैं। पत्नी का रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी। सुध-बुध खो बैठी पत्नी होश में आने पर बस इतना ही कह पा रही थी कि देखो, सोते हुए कितने स्मार्ट लग रहे हैं। कोई इन्हें उठाओ। पत्नी की बात चीख सुनकर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो जा रही थी। दुबग्गा के शीते विहार कॉलोनी में शोएब का घर है। 4 फरवरी को चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से उनकी मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद उनका शव घर पहुंचा। घर पर रिश्तेदार-पड़ोसियों की भीड़ लगी थी। शोएब की 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी 6 साल की है। पापा का शव देखकर वह भी रोए जा रही थी। जबकि 2 वर्षीय छोटी बेटी घर में अचानक से लोगों की भीड़ और सफेद कपड़े में लपेटकर रखे पापा को निहार रही थी। पड़ोसी बताते हैं कि शोएब ने 5 महीने पहले एक घर खरीदा था। उसका रेनोवेशन कराकर परिवार के साथ रह रहे थे। वह अपनी बेटियों को खूब पढ़ाना चाहते थे। चाहते थे कि दोनों बेटियां अफसर और डॉक्टर बनें। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले 3 तस्वीरें… पत्नी बार-बार कहती रही…सो रहे हैं, कोई जगाओ इन्हें दो मंजिले घर के ग्राउंड फ्लोर पर बाहर के कमरे में शोएब का शव रखा गया। शव के पास खड़ी पत्नी और मां रो-रोकर बदहवास थीं। पति के शव को देखकर पत्नी महिलाओं से रोते हुए कह रही थी-सो रहे हैं, कोई इनको उठाओ। पत्नी की बात सुनकर ढांढ़स बंधा रही महिलाएं भी अपने आंसू नहीं रोक पा रही थीं। वह कहे जा रही थी…देखो सोते हुए कितने स्मार्ट लग रहे। मां को कई लोग संभालने में लगे थे। 8 साल पहले हुई थी पिता की मौत बहनोई अफसर खां के अनुसार, शोएब के पिता की 8 साल पहले मौत हो गई थी। घर में 75 साल की बुजुर्ग मां हैं। पत्नी और दो बच्चे हैं। एक बेटी 2 साल की है। वह अब भी गोद में खेलती है। सबकी जिम्मेदारी शोएब पर ही थी। इसको लेकर वह योजनाएं बनाता था। वह अक्सर बोलता था कि दोनों बेटियों को खूब पढ़ाऊंगा…अच्छा अफसर, डॉक्टर बनाऊंगा। उनके भविष्य को सिक्योर करने के लिए वह घर बनवा रहा था। इसे किराये पर उठाने का प्लान था। कोई और बहन विधवा न हो, बैन लगे चाइनीज मांझे पर शोएब के बड़े साढ़ू रेहान ने बताया कि शोएब छोटे भाई जैसा था। आज मेरी छोटी बहन जैसी साली चाइनीज मांझे की वजह से विधवा हो गई है। शोएब बाइक से जा रहे थे। हैदरगंज ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझा फंसा हुआ था। मांझा दिखा नहीं और सीधे शोएब की गर्दन से लग गया। उनकी गर्दन से खून निकलने लगा। वह वहीं गिरकर तड़पने लगे। न जाने और कितनी बहनें इसकी वजह से विधवा हो जाएंगी। इस पर पूरी तरह से रोक लगनी चाहिए। घर का इकलौता लड़का था। पूरे इलाके में सबका प्यारा था। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसको बेचने वालों को तत्काल सजा होनी चाहिए। घर पर लगी एमआर साथियों की भीड़ शोएब की मौत खबर सुनते ही उसके साथ काम करने वाले स्टाफ बड़ी संख्या में घर पहुंचे थे। दिल्ली से आए रहमान ने बताया कि वह शोएब के साथ लंबे समय से काम कर रहे हैं। शोएब बेहद मददगार इंसान था। सबकी मदद करता था। वहीं, दोस्त अभिषेक भूपेंद्र सलमान ने बताया कि हम लोग 2 साल से साथ में काम कर रहे हैं। इतना नेकदिल इंसान नहीं देखा था। 5 महीने पहले घर लिया, किराये पर उठाने की योजना थी मोहम्मद शोएब ने हाल ही में अपने सपनों का घर खरीदा था। परिवार के मुताबिक, उन्होंने महज 5 महीने पहले मकान खरीदा था, जिसका रेनोवेशन करवाकर किराये पर उठाने की योजना थी, ताकि नियमित आमदनी हो सके और दो बेटियों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। बहनोई अफसर खां ने बताया कि दोपहर में 3:30 बजे फोन आया बताया कि शोएब का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना पर वह आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां पर उनका ईसीजी चल रहा था। लोगों ने बताया कि हैदरगंज पुल के पास शोएब के गले में चाइनीज मांझा उलझ गया। यूपी में चाइनीज मांझे से मौत अब हत्या मानी जाएगी चाइनीज मांझे से हो रहीं मौतों पर सीएम योगी अफसरों पर भड़क गए। उन्होंने अफसरों से पूछा कि बैन के बाद भी बाजार में मांझा कैसे बिक रहा है। इस पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा- अब चाइनीज मांझे से मौत होने को हत्या माना जाएगा। पुलिस प्रमुखों को जिलेवार छापेमारी करने के निर्देश दिए। ——————————- संबंधित खबर भी पढ़िए… चाइनीज मांझे से चलती बाइक पर एमआर का गला कटा : लखनऊ में खून से लथपथ 10 मिनट तक तड़पते रहे लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने की वजह से एमआर की मौत हो गई। वह बाइक से जा रहे थे। तभी उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। खून से लथपथ होकर वह बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब (33) के रूप में हुई। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की खाला बाजार थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज की है। (पूरी खबर पढ़िए)