चार दिवसीय स्वर्गीय चौधरी रणबीर सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट का समापन:पेनल्टी शूटआउट में एसडी सदर की जीत, सीएबी कॉलेज 2-0 से पराजित

सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सदर मैदान पर चल रही चार दिवसीय स्वर्गीय चौधरी रणबीर सिंह मेमोरियल सेवेन-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज खेला गया। फाइनल में एसडी सदर टीम ने सीएबी कॉलेज टीम को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के निर्धारित समय तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद परिणाम पेनल्टी शूटआउट से तय हुआ। शूटआउट में एसडी सदर की ओर से राघव प्रजापति और अमन शर्मा ने गोल दागे, जबकि सीएबी कॉलेज कोई भी प्रयास गोल में नहीं बदल सका। मुख्य अतिथि के रूप में विजन विद्यापीठ सिवाया के अध्यक्ष रविंद्र पाल विहान ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, सभी खिलाड़ियों को मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर विजन डेंटल मेरठ के निदेशक व प्रसिद्ध दन्त चिकित्सक डॉ. अर्जित विहान उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण गर्ग व हॉकी प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण व स्मृति चिह्न प्रदान कर किया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने स्वर्गीय रणबीर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रतियोगिता के आयोजक हॉकी प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य नवोदित खिलाड़ियों को हॉकी की बारीकियाँ और कठिन परिस्थितियों में खेलने का अनुभव देना है, ताकि वे भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें। प्रतियोगिता में जनपद की आठ टीमों ने निशुल्क सहभाग किया। मैन ऑफ द मैच अनुराग ठाकुर और मैन ऑफ द टूर्नामेंट अर्पित शर्मा चुने गए। निर्णायक की भूमिका कौशल चौधरी व जोगिंदर सिंह ने निभाई। वहीं सब-जूनियर कैटेगरी का फाइनल व पुरस्कार वितरण 24 जनवरी शनिवार को किया जाएगा।