चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो 18 वर्षीय युवकों की मौत हो गई। यह घटना ग्राम सभा छिवलहा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई, जहां उनकी मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से जुड़ी हुई तस्वीरें… स्थानीय लोगों ने आज शाम लगभग 7:30 बजे पुलिस को सूचना दी कि इलाहाबाद से चित्रकूट की ओर आ रहे दो मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड से हुई। वे विजय कुमार पाल (पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी औझर, थाना मऊ) और सूरज कुमार निषाद (पुत्र रामलोचन निषाद, निवासी बसरेही, थाना मऊ) थे। दोनों की उम्र लगभग 18 वर्ष थी। वे दोस्त थे और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने प्रयागराज गए थे, जहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। सूरज निषाद के पिता रामलोचन निषाद गांव के प्रधान भी हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। थाना प्रभारी दुर्विजय सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।