चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिव मंदिर के पास हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने एक बाइक में आग लगा दी। जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। जब युवती मंदिर में दीपक जलाने गई थी। मंदिर के पीछे घात लगाए बैठे एक युवक ने उसे अचानक दबोच लिया। उसने युवती का मुंह और हाथ दुपट्टे से बांध दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक युवती के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वे मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी को युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। परिजनों के शोर मचाने पर आरोपी अपने कपड़े छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक बाइक में आग लगा दी। घटना की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर राजापुर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गांव में 12वीं बटालियन पीएसी फतेहपुर को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, राजापुर थाने के दो उपनिरीक्षक और पर्याप्त पुलिस बल भी गांव में मौजूद हैं। प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह ने इसकी जानकारी दी। आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, और देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।