चिनहट में प्रॉपर्टी डीलर की गाड़ी पर फायरिंग:फॉर्च्यूनर के शीशे और बोनट पर बुलेट लगी, बाल-बाल बचा पीड़ित

लखनऊ के सेमरा स्थित एक प्लॉटिंग साइट पर किसी ने प्रॉपर्टी डीलर की गाड़ी पर फायरिंग की। उसकी खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर बुलेट लगीं लेकिन प्रॉपर्टी डीलर बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया रविवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि सेमरा गांव में एक फॉर्च्यूनर पर गोली चलाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि थाना गाजीपुर क्षेत्र के इंदिरानगर निवासी मो. अकरम पुत्र रहमत हुसैन अपनी सेमरा स्थित प्लाटिंग साइट की देखभाल के लिए आए थे। उनके साथ सुरक्षा में आरक्षी काली प्रसाद भी मौजूद थे। नाप-जोख के बाद लौटे तो फायरिंग के निशान दिखे बताया गया कि मोहम्मद अकरम अपनी फॉर्च्यूनर से इंदिरानगर स्थित आवास से साइट पर पहुंचे थे। गाड़ी से उतरकर प्लाट की नाप-जोख कर रहे थे। काम निपटाने के बाद जब वह वापस गाड़ी के पास पहुंचे तो फॉर्च्यूनर के आगे बोनट में गोली लगने का छेद दिखाई दिया। मौके की तलाशी लेने पर एक बुलेट का खोखा भी बरामद हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही फायरिंग करने वाले की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।