चोरी के आरोप में रेलवे कर्माचारी ने दी जान:कानपुर देहात में मरने से पहले बनाया वीडियों; बोला- मैने चोरी नही की

कानपुर देहात में एक रेलवे कर्मचारी के आत्महत्या का मामला सामने आया है। शव मिलने से पहले मृतक ने एक वीडियों जारी करके खुद के ऊपर लगे चोरी के आरोपों को निराधार बताया था। उसके कुछ देर बाद ही गांव के बाहर फांसी के फंदे पर लटका उसका शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर मृतक के परिजनों ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से जुड़ी देखिए दो तस्वीरें… पढ़िए सिलसिलेवार पूरी घटना… यह घटना गजनेर थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव में गुरुवार सुबह 9 बजे हुआ। मृतक की शिनाख्त विजय पाल (45) पुत्र मुन्नी लाल के रूप में हुई है, जो भारतीय रेलवे में सहायक इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे। पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव रनिया-पामा रोड पर एक खेत के पास सुबह 9 बजे मिला था। परिजनों ने शव को मौके पर ही नीचे उतार लिया था। फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा गया है। मृतक के बेटे ऋषभ ने बताया कि पापा के ऊपर 15 कुंटल माल गायब करने का इल्जाम लगाया गया था। इसीलिए हमारे पापा ने सुसाइड किया है। मेरे पापा को मजबूर किया गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मृतक ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में उन्होंने कुछ लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि मैने चोरी नही की है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है। मृतक विजय पाल ने मौत से पहले वीडियों में बताया कि हाथ जोड़कर निवेदन है कि हम अपनी जान दे रहे है। हमने चोरी नही की है। हम 77 किलों ले गए थे। फिर भी हमे अब्शेंट लगा दिए है थाना गजनेर प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।